बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सेक्टर-2 स्थित विश्व शांति केंद्र में महाशिव रात्रि के उपलक्ष्य में त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों व सेवा केंद्र के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से आए सदस्यों व पदाधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। केक काटकर भगवान शिव की महिमा गुणगान किया गया और इस पर्व के आध्यात्मिक रहस्य के बारे में भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश महासचिव एवं वार्ड 30 से पार्षद डॉ. नीना सतपाल राठी ने भी विशेष रूप से शिरकत की। इस मौके पर पार्षद मोनिका गजानंद गर्ग ने भी भाग लेते हुए महाशिव रात्रि पर्व पर प्रकाश डाला।
पार्षद डॉ. नीना सतपाल राठी, मोनिका गजानंद गर्ग के अलावा ओम शांति केंद्र से जुड़ी बहनों व अन्य सदस्यों ने भी झंडा फहराकर शिव बाबा को याद किया और उनकी महिमा पर विस्तार से प्रकाश भी डाला। डॉ. नीना ने कहा कि संस्था से जुड़ी बहनें व भाई समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने के लिए समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम, मंथन एवं आध्यात्मिक शिविर के अलावा बच्चों में छुपी प्रतिभा निखारने के लिए भी कार्यक्रमों का आयोजन करते रहते हैं। समाज के उत्थान के लिए वे अपनी ओर से हरसंभव कदम उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्था से जुड़ी बहने हमारे क्षेत्र में अच्छा कार्य कर रही है। परमपिता परमात्मा में जो उनकी आस्था है और यहां जो सुनने के लिए बहनें व समाज के सभी वर्गों से लोग यहां आते है उन लोगों को यहां से ज्ञान लेकर बाहरी समाज में भी उनका अनुसरण करना चाहिए क्योंकि ज्ञान एक ऐसी चीज है जिससे समाज को ऊपर उठाने में बल मिलता है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव ही इस सृष्टि के रचयिता है। उत्पत्ति से लेकर जीवन के आखिरी छोर तक भगवान शिव ही दुनिया का बेड़ा पार लगाते हैं। वे कल्याणकारी व हितकारी भी हैं। शिव भोले का नाम लेने से ही सारी दुख-तकलीफें दूर हो जाती है। भगवान शिव में सभी रूपों का वर्णन है। बहन अंजली ने सभी अतिथियों का कार्यक्रम में आने पर आभार जताया। साथ में शिव बाबा की महिमा का गुणगान भी किया और उनके आध्यात्मिक रहस्य के बारे में भी बताया। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे मिलजुलकर हर पर्व की खुशियां मनाएं। कार्यक्रम के दौरान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहादुरगढ़ केंद्र की संचालिका बहन अंजली के अलावा रेनू, विनिता समेत कई अन्य मौजूद रही। समापन समारोह के दौरान संस्था की ओर से पार्षद डॉ. नीना सतपाल राठी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर डॉ. नीना ने अपनी ओर से संस्था के सहयोग के लिए 5100 रूपए भेंट किए। त्रिमूर्ति शिव जयंती समारोह के उपलक्ष्य में हुए कार्यक्रम में 501 गैस गुब्बारे संदेश रूपी आसमान में छोड़े गए।
–फोटो कैप्शन: कार्यक्रम में केक काटकर भगवान शिव की महिमा का गुणगान करते हुए डा. नीना सतपाल राठी व अन्य अतिथि व आयोजक।