बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
सांखौल स्थित गोउपचार केन्द्र में रविवार को साप्ताहिक हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। हवन यज्ञ को विधिवत रूप से शिक्षाविद्् अंजु अग्रवाल ने संपन्न करवाया। हवन यज्ञ पर जजमान के रूप में समाजसेवी सुनील अग्रवाल उपस्थित रहे। हवन यज्ञ के पश्चात सुनील अग्रवाल ने बताया कि गौधन सेवा समिति बेसहारा गोवंश व अन्य सभी प्रकार के बेसहारा घायल जीवों का उपचार करके समाज में सराहनीय कार्य कर रही है। सुनील अग्रवाल ने समाज से जीवसेवा के इस पुण्य कार्य में अपना हर संभव सहयोग करने की अपील की। सुनील अग्रवाल ने जीवसेवा के लिए अपनी नेक कमाई से 51 सौ की राशि गौधन सेवा समिति को दी। गौधन सेवा समिति की कार्यकारिणी ने समाजसेवी सुनील अग्रवाल का पटका पहनाकर व स्मृति चिन्ह भेेंटकर सम्मान किया। इसके पश्चात गौधन सेवा समिति की कार्यकारिणी ने स्वामी विवेकानंद जयंती मनाई। समिति के सभी सदस्यों ने स्वामी विवेकानंद की तस्वीर के सामने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके पश्चात समिति उपप्रधान सुनील छिल्लर बराही ने स्वामी विवेकानंद की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए बताया कि स्वामी विवेकानंद आधुनिक भारत के एक महान चिंतक, महान देशभक्त, दार्शनिक, युवा सन्यासी, युवाओं के प्रेरणास्त्रोत और एक आदर्श व्यक्तित्व के धनी थे। छिल्लर ने कहा कि स्वामी विवेकानंद को यदि भारतीय नवजागरण का अग्रदूत कहा जाए तो यह अतिशयोक्ति नहीं होगी। भारतीय सांस्कृतिक चेतना में नई जान फूंकने वाले स्वामी विवेकानंद ने भारतीय युवाओं में स्वाभिमान को जगाया और उम्मीद की नई किरण पैदा की। भारतीय युवाओं को भारतीय नवजागरण के अग्रदूत स्वामी विवेकानंद के जीवन और उनके विचारों से प्रेरणा लेनी चाहिए।

