बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
कांग्रेस पंचायती राज प्रकोष्ठ के महासचिव सतपाल राठी ने प्रदेश में हड़ताली रोडवेज कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए उनकी पूरजोर तरीके से आवाज उठाई है। साथ में भाजपा सरकार से मांग की है हठधर्मिता व दमनकारी नीतियों को छोडक़र बिना किसी शर्त के कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखते हुए उनकी मांगों को पूरा किया जाए ताकि प्रदेश में किसी तरह की परेशानी न झेलनी पड़े। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सतपाल राठी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आज हरियाणा प्रदेश में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, झूठे वायदों व जुमलों के चलते न केवल आमजन बल्कि किसार, व्यापारी, मजदूर व कर्मचारियों के अलावा अन्य वर्ग के लोग परेशान है। सरकार की मनमानी के चलते स्थिति यह बन रही है कि आज प्रदेश में कहीं न कहीं पर धरने-प्रदर्शन करते हुए लोग सरकार के प्रति रोष जता रहे हैं। लेकिन उसके बाद भी सरकार की ओर से कोई ध्यान कर्मचारियों व आमजन की तरफ नहीं दिया जा रहा। राठी ने प्रदेश की भाजपा सरकार से मांग की है कि कर्मचारियों की जो भी लंबित व जायज मांगें है उन्हें बिना शर्त तुरंत पूरा किया जाए। रोडवेज की हड़ताल के दौरान कर्मचारियों पर जो केस बनाए गए हैं
और जिन्हें हटाया गया है या बर्खास्त किया गया है उन्हें दोबारा से नौकरी पर लिया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं को रोजगार देने की बजाय बेरोजगार करने पर तुली है। यही नहीं कर्मचारियों की आवाज को दबाने का काम करते हुए उन्हें अपने तुगलकी फरमानों से हटा रही है। जिससे कर्मचारियों में काफी रोष सरकार के प्रति बना हुआ है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सतपाल राठी ने कहा कि भाजपा का असली चेहरा सबके सामने आ गया है। यह केवल झूठे वायदों व जुमलों की राजनीति करती है। आमजन के हितों से कोई लेना देना नहीं। प्रदेश में स्थिति यह है कि आज श्रमिक, किसान, व्यापारी, कर्मचारी व अन्य वर्ग के लोग सरकार की जनविरोधी नीतियों से तंग है। आए दिन धरन-प्रदर्शन व नारेबाजी सरकार के खिलाफ हो रही है। लेकिन उसके बाद भी सरकार कुंभकर्णी नींद से नहीं जाग रही। बल्कि जो भी व्यक्ति व कर्मचारी सरकार के खिलाफ आवाज उठाते हुए विरोध जताता है तो उसे किसी न किसी तरह से दबाने का कार्य किया जा रहा है। एस्मा कानून का सहारा लेकर कर्मचारियों को तंग किया जा रहा है ताकि वे अपने हकों की आवाज न उठा सके। सतपाल राठी ने पिछले 8 दिनों से चल रही रोडवेज की हड़ताल का समर्थन करते हुए कहा कि कर्मचारी अपने हकों के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं मगर भाजपा सरकार कर्मचारियों पर दमनकारी नीति अपनाकर उन्हें परेशान करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सराकर विभागों के सुधारीकरण की नीति की बजाय विभागों व कर्मचारियों की छवि को जनता के सामने खराब करना चाहती है और रोडवेज का निजीकरण करने पर तुली है। पत्रकार वार्ता के दौरान पार्षद संघ के प्रधान समुंद्र सहवाग के अलावा वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजू नागपाल भी मौजूद रहे।
–फोटो कैप्शन : पत्रकारों से बातचीत करते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सतपाल राठी व अन्य।