बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को बहादुरगढ़ शहर में समस्त ब्राह्मण समाज की ओर से नगर शोभा यात्रा निकाली गई और भंडारे के साथ धार्मिक आयोजन को धूमधाम से मनाया गया। शहर के परशुराम मंदिर प्रांगण से विधायक नरेश कौशिक ने भगवान परशुराम ध्वजा के साथ शोभा यात्रा को रवाना किया। शोभा यात्रा को रवाना करने से पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने भगवान परशुराम की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और पूजा अर्चना की।
विधायक कौशिक ने शोभा यात्रा के शुभारंभ करने से पूर्व उपस्थित समाज के लोगों को भगवान परशुराम के दिखाए मार्ग पर आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भगवान परशुराम ने जीवन में सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया है उसी का अनुसरण सभी को करना चाहिए। उन्होंने संत महात्माओं के दिखाए मार्ग को अपनाते हुए नेक नीयत के साथ आगे बढऩे का आह्वान किया। शोभा यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में विधायक कौशिक ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय भूमिका निभाने वाले लोगों को भगवान परशुराम के चित्र भेंटकर सम्मानित भी किया। साथ ही शोभा यात्रा की अगुवानी करते हुए शहर के विभिन्न मार्गों पर पैदल ही विधायक समाज के लोगों के साथ चले। गौरतलब है कि शनिवार को भगवान परशुराम सेवा दल, ब्राह्मण समाज, ब्रह्म समाज सेवा समिति, पं.लखमी चंद मैमोरियल ट्रस्ट, श्री राम संकीर्तन परिवार व गायत्री शक्ति पीठ कसार की ओर से संयुक्त रूप से सांझेदारी निभाते हुए शोभा यात्रा निकाली गई। इस मौके पर समाज के धर्मेंद्र वत्स, पुरूषोत्तम वत्स, राहुल मुदगिल, रामअवतार कौशिक, जितेंद्र, तोताराम शर्मा सहित अन्य समाज के गणमान्य व्यक्ति साथ रहे।