बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
वार्ड नम्बर 30 की पार्षद एवं अधिवक्ता डा. नीना सतपाल राठी ने पी.डी.एम. यूनिवर्सिटी के ला विभाग में आयोजित एक कानूनी जारूकता शिविर में विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि न्याय सबके लिए है। न्याय की दृष्टि में सब समान है।
डा. राठी राजनीति की पाठशाला के तहत अजय पांडेय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रही थी। उन्होंने कहा कि हमें शिक्षा के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी रूचि लेनी चाहिए ताकि हम समय के साथ चल सकें तथा स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकें। विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी व सामाजिक विषयों के बारे में अवगत कराना समय की जरूरत है। उन्होंने अधिकारों एवं कर्तव्य तथा कन्या भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा एवं नशाखोरी सहित विभिन्न प्रकार की सामाजिक बुराइयों पर अंकुश लगाने के लिए जागरूक किया। नीना राठी ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें अपने अधिकारों के लिए हमेशा सजग रहना चाहिए। देश का संविधान सभी के लिए समान है। इसलिए हर नागरिक को अपने अधिकारों के लिए लडऩें के लिए तैयार रहना चाहिए। देश का युवा ही वर्तमान में कुछ बदलाव कर सकता है। कानून में रह कर भी हम अपने अधिकारों को हासिल कर सकते हैं। हर देश वासी की सुरक्षा के लिए एक कानून बना हुआ है। लेकिन हमें कानून की जानकारी न होने के कारण हम उसका लाभ नहीं ले पाते। इस तरह के जागरूक सम्मेलन आयोजित होने से हमें कानून के माध्यम से अपने अधिकारों का ज्ञान होता है। साथ ही उन्होंने आयोजकों को प्रेरित किया कि इस तरह के सम्मेलन ग्रामीण क्षेत्र में भी आयोजित करने चाहिए। ताकि यहां के लोग भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सके। क्योंकि हमारे देश में 65 प्रतिशत युवा देश को अपनी ओर मोडऩे की शक्ति रखते हैं। वहीं कार्यक्रम के आयोजक अजय पाडेय ने कहा कि भारत गांव में बसता है। इसलिए वे इस कार्यक्रम को पंचायत स्तर पर भी आयोजित करेंगे। वहीं कार्यक्रम में योगेन्द्र कादियान ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर वाइस चांसलर ए.के. बख्शी, प्रो.वी.सी. भट्टाचार्य, सतेन्द्र दहिया सहित लॉ विभाग के समस्त अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन-विद्यार्थियों को सम्बोधित करती पार्षद एवं अधिवक्ता डा. नीना राठी।