बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
भाजपा ने लोगों के हितों की बजाय झूठ व लूट की राजनीति की है। एक तरफ झूठे वायदे कर देश और प्रदेश की सत्ता हड़पी है तो वहीं जीएसटी और नोटबंदी आदि जनविरोधी नीतियां लागू कर आमजन को परेशान व ठगने का काम किया है। यह कहना है कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतपाल राठी, समुंदर सहवाग व सरपंच सत्यवान राठी का।
रविवार को पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि 17 अगस्त 2014 को तत्कालीन मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बहादुरगढ़ के नए बस अड्डे का शिलान्यास किया था। जिसके कुछ समय बाद ही प्रदेश में भाजपा सत्ता सीन हो गई। लेकिन उसके बाद से ही बहादुरगढ़ समेत समूचे हरियाणा के विकास पर ब्रेक लग गए। आज करीब साढ़ 3 साल बाद भी भाजपा बस अड्डे के भूमि पूजन की औपचारिकता में जुटी है, जबकि अब तक बस अड्डा बनकर चालू हो जाना चाहिए था। लेकिन कांग्रेस राज में भूपेंद्र हुड्डा द्वारा किए गए अनगिनत विकास कार्यों का श्रेय स्वयं लेने की बदनियती से भाजपाइयों ने विभिन्न विकास परियोजनाओं को ठंडे बस्ते में डाल दिया। शहर के लाइन पर क्षेत्र को जोडऩे वाले रेलवे अंडर ब्रिज का उदाहरण भी सबके सामने है। कांग्रेस राज में चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा आरयूबी निर्माण के लिए करीब 32 करोड़ रुपए रेलवे में जमा करवा दिए गए थे। मगर आज करीब साढ़े 3 साल बाद भी उसका काम शुरू नहीं हुआ है। विकास के नाम पर भाजपा की यह ओछी राजनीति दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा विधायक को चाहिए कि कांग्रेस राज में हुए कामों का श्रेय लेने की बजाए बहादुरगढ़ के विकास पर ध्यान दें और यहां नई परियोजनाएं लाकर इलाके की जनता को लाभांवित करें।
सतपाल राठी ने कहा कि आज भाजपा राज से हर कोई परेशान दिखाई दे रहा है। जल्द लोग आगामी विधानसभा चुनाव का बेसब्री से इंतजार कर रहे है ताकि इस जनविरोधी सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया जा सके। उन्होंने भाजपा सरकार से हुड्डा सरकार के कार्यकाल के पास किए गए सभी प्रोजेक्ट पर जल्द से जल्द काम शुरू करवाने की मांग की है।
–फोटो कैप्शन: पत्रकारों से बातचीत करते वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सतपाल राठी व अन्य।
