बहादुरगढ़ आज तक, विनोद कुमार
परोपकारी सभा श्री सनातन धर्म महाबीर मंदिर मेन बाजार बहादुरगढ़ की ओर से रामनवमी के अवसर श्री राम लला प्रकट बधाई उत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में काफी लोग पीले वस्त्र पहनकर आये। इसमें मुख्यातिथि के तौर पर भाजपा नेत्री नेहा शेखर यादव ने शिरकत की। उन्होंने पूरे विधि-विधान के अनुसार मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की पूजा अर्चना की।
बधाई उत्सव कार्यक्रम दौरान भजन संगीत, कथा भी हुई। इसमें दीपेश, मनीष चौहान, निकुंज ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन से जुड़े मधुर भजन व प्रसंग भी सुनायें। कार्यक्रम में सभा के प्रधान जगदीश एलावाधि, तरुण चुघ, विनोद गिरधर, सन्नी गंभीर, दीप चुघ, उषा एलावाधि समेत कई अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। उन्होंने मुख्यातिथि नेहा शेखर यादव के अलावा अन्य अतिथियों का यहां पहुंचने पर पटका व स्मृति चिन्ह भेंटकर अभिनंदन भी किया। श्रीराम लला प्रकट बधाई उत्सव में मुख्यातिथि के तौर पर शिरकत करते हुए भाजपा नेत्री व आगामी नगर परिषद चुनाव में चेयरपर्सन पद की प्रबल दावेदार नेहा शेखर यादव ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पूजा अर्चना करते हुए कहा कि वह हमारे आराध्य देवता हैं। वे आज भी मर्यादा के आदर्श नायक बने हुए हैं और सम्पूर्ण समाज को चरित्रवान मर्यादित बने रहने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्हें ईश्वर स्वरूप में वंदनीय इसलिए माना गया है कि क्योंकि उनका चरित्र उदात्त था। उनका सम्पूर्ण जीवन ही लोक कल्याण को समर्पित रहा है। उनकी कथा को सुनकर भक्तगण भावविभोर हो जाते हैं और प्रभु के भजनों को भजते हुए रामनवमी का पर्व मनाते हैं। नेहा शेखर यादव ने कहा कि दुनिया में चाहे जितने भी बदलाव हो जाएं और चाहे कितनी ही आधुनिकता आ जाए लेकिन मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के चरित्र का मूल्य कभी कम नहीं होगा। भगवान श्रीराम ने धरती पर अपने अवतार में जो भूमिका निभाई वे सभी भूमिकाएं अपने आदर्श में सर्वोच्च है। वे अपने आदर्श पर अडिग रहे। वे शालीनता की प्रतिमूर्ति रहे। मर्यादा का पालन करने के साथ ही श्रीराम शालीनता की प्रतिमूर्ति भी थे। उनके जीवन में अनेक ऐसेे प्रसंग आते हैं जब वे शालीनता और सदाश्यता की पराकाष्ठा को स्पर्श करते हैं। श्रीराम के चरित्र को उदात्त बनाने में सत्य और न्याय के पथ पर उनकी अडिगता की बड़ी भूमिका रही।। श्रीराम जन-जन के मन में ईश्वर रूप में विराजमान हैं। भाजपा नेत्री नेहा शेखर यादव ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर का निर्माण किया जा रहा है।